खेत में रोपा लगा रहे ग्रामीणों पर गिरी आकाशीय बिजली, तीन की मौत; छुरी क्षेत्र में शोक की लहर
कोरबा /छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस. News : कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सलोरा बकरा बाजार छुरी में शनिवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। सब-स्टेशन के पीछे खेत में काम कर रहे ग्रामीणों पर अचानक तेज चमक के साथ आकाशीय बिजली (गाज) गिर गई। इस दुर्घटना में तीन ग्रामीण गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा ले जाया गया। हालाँकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

मेढ़ पर गिरी गाज, मची अफरा-तफरी
मिली जानकारी के अनुसार, छुरी बकरा बाजार सब-स्टेशन के पीछे स्थित खेत में लगभग 25 से 30 ग्रामीण रोपाई (छुरी लगाने) के काम में जुटे हुए थे। इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदला और तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली सीधे खेत की मेढ़ (पार) पर आ गिरी।
गाज की चपेट में आने से छुरी निवासी बहोरन पाटले, लक्ष्मी चंद पाटले और श्याम साहू बुरी तरह झुलस गए। बिजली गिरते ही खेत में काम कर रहे अन्य लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। साथी ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों झुलसे लोगों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, पर तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद तीनों ग्रामीणों को मृत घोषित कर दिया।”
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर तीनों शवों का पंचनामा तैयार किया और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। एक साथ तीन ग्रामीणों की इस असामयिक मौत से छुरी और आसपास के पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



