तेज रफ्तार और नादानी बनी काल: स्कूटी डिवाइडर से टकराई, 9वीं के छात्र की मौत, दोस्त गंभीर
संवाददाता | भरत यादव 7999608199
कोरबा / छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस. News : शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। सुनालिया मोड़ के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में सेंट जेवियर्स स्कूल के कक्षा 9वीं के 13 वर्षीय छात्र हर्षवर्धन सिंह की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, स्कूटी पर पीछे बैठा उसका 13 वर्षीय साथी वंशु कुमार जोशी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका इलाज जारी है।
अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई स्कूटी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिशन रोड निवासी हर्षवर्धन सिंह और वंशु कुमार जोशी बुधवार (29 जुलाई) की शाम स्कूटी पर सवार होकर टीपी नगर की ओर जा रहे थे। स्कूटी हर्षवर्धन चला रहा था। जैसे ही वे सुनालिया मोड़ के पास पहुंचे, तेज रफ्तार होने के कारण स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई और सीधे सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई।
सिर पर आई गंभीर चोट, एक का कंधा हुआ फ्रैक्चर
टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि हर्षवर्धन का सिर सीधे डिवाइडर से टकराया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। वहीं, पीछे बैठा वंशु उछलकर काफी दूर जा गिरा, जिससे उसके कंधे में फ्रैक्चर हो गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद गुरुवार को इलाज के दौरान हर्षवर्धन ने दम तोड़ दिया।
परिवार और स्कूल में छाया मातम
हर्षवर्धन की असमय मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। घटना से सेंट जेवियर्स स्कूल में भी गहरा शोक छाया हुआ है; सहपाठी और शिक्षक इस दुखद हादसे से स्तब्ध हैं। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस. न्यूज़ की अपील : प्रशासन और जागरूक नागरिकों ने अभिभावकों से बार-बार अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी हाल में दोपहिया या चारपहिया वाहन न सौंपें। थोड़ी सी लापरवाही हंसते-खेलते परिवारों की खुशियां छीन रही है।