रफ्तार का कहर:  अनियंत्रित होकर स्विफ्ट कार पेड़ से टकराई दो की मौत


रफ्तार का कहर:  अनियंत्रित होकर स्विफ्ट कार पेड़ से टकराई दो की मौत

कोरबा/ छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस:  बारात से घर लौट रहे शिक्षकों की कार दीपका शक्तिनगर के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। घटना में दो शिक्षकों की मौत हो गई, दो शिक्षक घायल हो गए। मृत शिक्षक कोरबा के एक निजी स्कूल में कार्यरत थे।

कोरबा के सेंट जेवियर स्कूल में पढ़ाने वाले शिक्षक का विवाह दीपका में हो रहा था। इसमें शामिल होने के लिए स्कूल में पढ़ाने वाले हिमांशु सिंह 31 वर्ष, शुभमदीप सिन्हा 31 वर्ष, सतविंदर सिंह और चंद्रभान दीपका गए थे। देर रात चारों शिक्षक कार बीआर-01जेसी-5623 में बैठकर कोरबा लौट रहे थे। रात 11.30 से 12 बजे के बीच शिक्षकों की कार दीपका थाना क्षेत्र में शक्तिनगर के पास अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतना जोरदार था कि कार में बैठे चारों शिक्षकों को गंभीर चोटें आई। कार का गेट खुलने से दो शिक्षक बाहर फेंका गए। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

देर रात घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया गया। परीक्षण कर डॉक्टर ने हिमांशु सिंह और शुभमदीप सिन्हा को मृत घोषित कर दिया। घटना में गंभीर रूप से घायल सतविंदर और चंद्रभान को इलाज के लिए कोरबा के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। हादसे में जिन दो शिक्षकों की मौत हुई है उसमें एक शिक्षक सामने की सीट पर और दूसरा पीछे बैठा हुआ था। घटना कैसे हुई इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। आशंका जताई जा रही है कि कार की रफ्तार अधिक होने से चालक का नियंत्रण हट गया होगा और कार दुर्घटना की शिकार हो गई।