कोरबा प्रेस क्लब चुनाव: इतिहास के सबसे युवा उपाध्यक्ष बने राजकुमार शाह, कांटे के मुकाबले में दर्ज की ऐतिहासिक जीत

कोरबा। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस न्यूज़ : कोरबा प्रेस क्लब के वार्षिक चुनाव में इस बार एक नया इतिहास रच गया है। रविवार, 14 जून 2026 को तिलक भवन में संपन्न हुए इस बेहद उतार-चढ़ाव भरे चुनाव में उपाध्यक्ष पद पर अब तक की सबसे युवा और चौंकाने वाली जीत दर्ज की गई है। प्रेस क्लब के इतिहास में यह पहला मौका है जब वरिष्ठों के वर्चस्व वाले इस महत्वपूर्ण पद पर किसी युवा पत्रकार ने कब्ज़ा जमाया है।
सबसे कठिन मुकाबला, चार प्रत्याशियों के बीच थी टक्कर
इस बार के चुनाव में सबसे दिलचस्प और कांटे की टक्कर उपाध्यक्ष पद के लिए ही देखी गई। मैदान में चार दिग्गजों के उतरने से मुकाबला बेहद कड़ा और चतुष्कोणीय हो गया था। चुनावी सरगर्मियों के बीच हर तरफ तरह-तरह के प्रयास, रणनीतियां चली । लेकिन अंततः निष्पक्ष और बदलाव की सोच रखने वाले पत्रकारों ने एकतरफा फैसला सुनाया।
कुल डाले गए 165 वैध मतों में से युवा प्रत्याशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 59 वोट हासिल कर जीत दर्ज की।

जीत युवाओं को समर्पित, वरिष्ठों का मिला मार्गदर्शन: राजकुमार शाह
ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद नवनिर्वाचित युवा उपाध्यक्ष राजकुमार शाह ने अपनी इस सफलता का श्रेय क्लब के युवा साथियों और मार्गदर्शक वरिष्ठ पत्रकारों को दिया। उन्होंने कहा
यह जीत पूरी तरह से प्रेस क्लब के उन युवाओं को समर्पित है जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया। इस चुनावी समर में जहाँ युवाओं ने जोश दिखाया, वहीं हमारे वरिष्ठ पत्रकारों का मार्गदर्शन भी कदम-कदम पर काम आया।
यह जीत किसी एक की नहीं, बल्कि पूरे कोरबा प्रेस क्लब के लोकतंत्र और एकता की जीत है।


