बरमपुर में महाशिवरात्रि की धूम: सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
महाभंडारा और जागरण कार्यक्रम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

कोरबा : अंचल के बरमपुर क्षेत्र में महाशिवरात्रि का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। शिव भक्ति के इस महापर्व पर चारों ओर “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंजते रहे। आयोजन का मुख्य केंद्र बरमपुर स्थित सिद्धेश्वर नाथ महामंदिर रहा, जहाँ भक्ति और अध्यात्म का अद्भुत संगम देखने को मिला। वार्ड पार्षद श्रीमती भानुमति जायसवाल, नई किरण महिला समिति एवं समस्त बरमपुर वार्ड वासियों ने कार्यक्रम को सफल बनाया।

दो दिवसीय अखंड नवधा रामायण का आयोजन
कार्यक्रम की शुरुआत भव्य धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुई। सिद्धेश्वर नाथ महामंदिर में लगातार दो दिनों तक अखंड नवधा रामायण का आयोजन किया गया। रामायण की चौपाइयों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इसके पश्चात विद्वान पंडितों के सानिध्य में भगवान शिव का दुग्धाभिषेक एवं रुद्राभिषेक पूर्ण विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न किया गया। इस दौरान महादेव का अलौकिक श्रृंगार आकर्षण का केंद्र रहा, जिसके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु कतारबद्ध नजर आए।

महाभंडारा और भक्तिमयी सांस्कृतिक संध्या
महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में सोमवार, 16 फरवरी को विशाल महाभंडारे का आयोजन किया गया। मंदिर समिति द्वारा आयोजित इस भंडारे में सैकड़ों की संख्या में क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।
भक्ति के इस उत्सव को और अधिक यादगार बनाने के लिए देर शाम जागरण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें सुप्रसिद्ध भजन गायक मनीष मनचला और उनके साथियों ने अपनी सुरीली आवाज और भक्ति गीतों से समां बांध दिया। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया।

श्रद्धालुओं में भारी उत्साह
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजन को लेकर विशेष उत्साह रहा। वार्ड पार्षद भानुमति जायसवाल, नई किरण महिला समिति एवं समस्त बरमपुर वासियों ने व्यवस्थाओं को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे महाशिवरात्रि पर्व महोत्सव, जागरण एवं भंडारा सुचारू रूप से संपन्न हुआ।

