सर्वमंगला पुलिस सहायता केंद्र में 82 वर्षीया बुजुर्ग जोधिन बाई पटेल ने किया ध्वजारोहण , कायम रही अनूठी परंपरा

कोरबा / छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस. News : 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर सर्वमंगला पुलिस सहायता केंद्र में गरिमामय माहौल के बीच ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस विशेष अवसर पर सर्वमंगला मंदिर के निकट स्थित प्रशांति वृद्धाश्रम की 82 वर्षीया बुजुर्ग महिला जोधिन बाई पटेल ने मुख्य अतिथि के रूप में तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के दौरान वृद्धाश्रम की अन्य बुजुर्ग महिलाएं भी मौजूद रहीं। सभी ने एकजुट होकर तिरंगे को सलामी दी और ससम्मान राष्ट्रगान गाया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों को मिठाई का वितरण किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से चौकी प्रभारी एएसआई विभव तिवारी, एएसआई रात्रे , प्रशांति वृद्धाश्रम के केयरटेकर वीरू यादव, कांग्रेस नेता अश्वनी पटेल तथा सर्वमंगला पुलिस सहायता केंद्र के जवान सहित गणमान्य उपस्थित रहे।
बुजुर्गों के सम्मान का अनूठा प्रयास
गौरतलब है कि सर्वमंगला पुलिस सहायता केंद्र में 15 अगस्त और 26 जनवरी जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर प्रशांति वृद्धाश्रम की बुजुर्ग महिलाओं एवं बुजुर्गों के हाथों ही ध्वजारोहण कराने की परंपरा निभाई जाती है। जब से एएसआई विभव तिवारी ने चौकी प्रभारी का प्रभार संभाला है, तब से यह सराहनीय सिलसिला लगातार जारी है। पुलिस विभाग की इस संवेदनशील पहल की स्थानीय लोगों द्वारा जमकर प्रशंसा की जा रही है।


