Breaking news: जलस्तर बढ़ने पर मिनीमाता (बांगो) बांध के खोले गए 9 गेट, हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा पानी

कोरबा / छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस न्यूज़: मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ने और पानी की अत्यधिक आवक (इनफ्लो) को देखते हुए बांध के गेट खोलकर बाढ़ के पानी को नियंत्रित किया जा रहा है। कार्यपालन अभियंता एस.के. भारती ने जानकारी देते हुए बताया कि15 अगस्त कि सुबह 9:35 बजे बांध का जलस्तर 358.60 मीटर (कुल क्षमता का 93.65%) दर्ज किया गया था।

जलस्तर को सुरक्षित स्तर पर बनाए रखने के लिए बांध के कुल 7 गेटों को आंशिक रूप से खोला गया था। लेकिन आज 16 अगस्त की लगभग शाम 6:00 बजे 9 गेट खोले जाने की सूचना जनसंपर्क से प्राप्त हुई है। अब बांगो बाँध के 9 गेट से पानी छोड़ा जा रहा है. अगर जल स्तर बढ़ता रहा तो और भी गेट खोले जा सकते हैं।
प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार कड़ी नजर रखी जा रही है। नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए हसदेव नदी के तटीय इलाकों और आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने तथा नदी के करीब न जाने की अपील की गई है।
सीतामढ़ी के निचली बस्ती में घरों में घुसा पानी
इधर हसदेव नदी में अत्यधिक पानी छोड़े जाने के कारण शहर के सीतामढ़ी निचली बस्तियों में 8 से 10 घरों में पानी घुसने की खबर आ रही है। हालांकि प्रशासन ने पहले ही चेतावनी दे रखी है कि नदी नालों के समीप बसे बस्तियों के लोग सतर्क रहे।


