बरमपुर चौक पर पलटा तेज रफ्तार कोयला लदा ट्रेलर, सड़क पर बिखरा कोयला
भरत यादव/ छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस
कोरबा/कुसमुंडा।कुसमुंडा मार्ग पर स्थित बरमपुर चौक शनिवार सुबह एक बार फिर हादसों का फिर गवाह बन गया । कुसमुंडा की ओर से कोयला लेकर आ रही एक तेज रफ्तार ट्रेलर क्रमांक CG11AQ7303 अनियंत्रित होकर चौक के पास पलट गई। गनीमत रही कि हादसे के वक्त सड़क पर अन्य वाहन पास में नहीं थे, वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी।

सुबह 7 बजे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सुबह लगभग 7:00 बजे की है। ट्रेलर की रफ्तार इतनी अधिक थी कि बरमपुर चौक के पास मोड़ पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और ट्रेलर बीच सड़क पर ही पलट गया। हादसे के बाद वाहन में लदा सारा कोयला सड़क पर बिखर गया, जिससे आवागमन में भी काफी बाधा उत्पन्न हुई। घटना के बाद से चालक दुर्घटना स्थल से गायब है।


ब्लैक स्पॉट बनता बरमपुर चौक: न ब्रेकर, न संकेत
बरमपुर चौक के पास मोड पर अक्सर दुर्घटनाएं घटती रहती हैं मोड पर अंधेरा है साथ ही कोई संकेत या साइन बोर्ड नहीं लगाया गया है नहीं कोई गति अवरोधक बना है जिसकी वजह से वाहन चालक तेज रफ्तार से फर्राटे भरते हैं जो कि खतरे की निशानी है।
-
गति अवरोधकों का अभाव: फोरलेन सड़क होने के बावजूद बरमपुर चौक पर कोई स्पीड ब्रेकर (गति अवरोधक) नहीं बनाया गया है। इसके कारण भारी वाहन चालक बेखौफ होकर रफ्तार भरते हैं।
-
खतरनाक मोड़: नहर से सटा हुआ मोड़ काफी तीखा है, लेकिन यहाँ कोई चेतावनी बोर्ड या सुरक्षा घेरा नहीं लगाया गया है।
-
सर्वमंगला तिराहे का भी यही हाल: ठीक इसी तरह की स्थिति सर्वमंगला तिराहे की भी है, जहाँ बिना किसी गतिरोधक के भारी वाहन काल बनकर दौड़ रहे हैं।
अंधेरे के साये में सफर
हादसों का एक बड़ा कारण कोरबा से कुसमुंडा मार्ग पर पर्याप्त रोशनी न होना भी है। स्ट्रीट लाइट न होने की वजह से रात के समय यहाँ घना अंधेरा छाया रहता है। भारी वाहनों की निरंतर आवाजाही के बीच दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह रास्ता किसी खतरे से कम नहीं है। अंधेरे के कारण पहले भी यहाँ कई छोटी-बड़ी दुर्घटनाएँ हो चुकी हैं।



